कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपनी प्रेस कांफ्रेंस में बोले…
महिला सिपाही के साथ ट्रेन में हुई बर्बरता निंदनीय
हम भाजपा को 2024 में भी हराएंगे और 2027 में भी करेंगे यूपी से बाहर
मंत्री पुत्र के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर हत्या की मौजूदा जज की देखरेख में न्यायिक जांच हो
लखनऊ, 05 सितम्बर 2023 (सच्ची बातें)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष मनोनीत किए जाने के बाद अजय राय ने पांच सितंबर पहली बार प्रेस कांफ्रेंस की। माल एवेन्यू स्थित यूपी कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में राय सत्तारूढ़ भाजपा पर काफी आक्रामक रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा को 2024 में भी हराएंगे और 2027 में भी यूपी से बाहर करेंगे।
उन्होंने कहा कि हम लोग एक संकल्प लेकर आये है और एक वचनबद्धता के साथ हैं कि जो कहेंगे, वह करेंगे डंके की चोट पर। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को 2024 में भी हरायेंगे और 2027 में भी उत्तर प्रदेश से बाहर करेंगे। ध्वस्त कानून व्यवस्था पर प्रदेश की योगी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए भारत सरकार के मंत्री के घर पर हत्या एवं चलती ट्रेन में महिला सिपाही के साथ की गई बर्बरता की घटना को प्रमुखता से उठाते हुए न्यायिक जांच की मांग की है। मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि आखिर केन्द्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर पर बुलडोजर कब चलेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने भारत सरकार के मंत्री कौशल किशोर के घर में उनके बेटे की पिस्टल से भाजपा कार्यकर्ता की हत्या की निंदा करते हुए योगी सरकार की बहुप्रचारित कानून व्यवस्था की पोल खोली। कहा कि मंत्री के घर शराब और जुआ का दौर चल रहा था। जबकि वह शराब बंदी के लिए अभियान चलाते हैं।
उनके अपने ही घर में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या और उनके द्वारा अपने बेटे को बचाने का षडयंत्र करना निंदनीय कृत्य है। भारत सरकार के मंत्री झूठ बोलते हैं कि उनका बेटा मौका-ए वारदात पर मौजूद नहीं था। वह तो दिल्ली में था। जबकि सीसीटीवी फुटेज में वह उपस्थित दिखता है। घटना के तीन से चार दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती। पुलिस सिर्फ खानापूर्ति करती है।
हम लोगों के दबाव में पुलिस एक नोटिस जारी कर कहती है कि मंत्री पुत्र से पूछताछ की जायेगी। उन्होंने कहा कि यदि योगी सरकार ईमानदारी की बात करती है तो मंत्री पुत्र के विरुद्ध 120 बी का मुकदमा दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की मौजूदा जज की देख-रेख में न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने लखीमपुर खीरी में थार द्वारा किसानों की निर्मम हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना में भी केन्द्रीय मंत्री आशीष मिश्रा टेनी ने अपने बेटे को बचाने का षडयंत्र किया था। उन्होंने कहा कि यह सरकार लगातार अपने मंत्री, विधायक एवं अपने लोगों को बचाने में लगी हुई है और उनको क्षमा मिल जाती है। वहीं विपक्ष का कोई व्यक्ति किसी छोटे से मामले में भी फंस जायेगा अथवा कोई छोटा मुकदमा हो जायेगा तो उसका घर गिरा दिया जायेगा। उस पर और इतने मुकदमे लाद दिये जायेंगे कि वह जीवन भर जेल में सड़ जायेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने महिला सिपाही के साथ ट्रेन में दरिंदों द्वारा की गई बर्बरता का जिक्र करते हुए कहा कि यह सरकार अपनी ही महिला आरक्षी को सुरक्षा प्रदान करने में असमर्थ है तो प्रदेश के आम जनमानस की सुरक्षा कैसे कर सकती हैं। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से प्रश्न किया कि आखिर इस महिला सिपाही की रेलवे विभाग सुरक्षा क्यों नहीं कर पाया। आज यह बेटी लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में जीवन के लिए संघर्ष कर रही है। चार सितंबर को जब उसका हाल चाल लेने के लिए ट्रामा सेंटर जा रहा था तो प्रदेश सरकार ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर मुझे वहां जाने से रोकने का भरसक प्रयास किया, लेकिन हम वहां पहुंचे और चिकित्सकों से वार्ता कर महिला आरक्षी का हाल चाल लिया एवं उसके बेहतर इलाज हेतु उनसे बात-चीत की। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने पीड़िता के भाई से मिलने एवं बातचीत करने नहीं दी। यहां तक कि उनका फोन भी बंद करवा दिया। यह प्रदेश में कायम जंगलराज का ज्वलंत उदाहरण है।
राय ने कहा कि प्रदेश के निर्माण कार्यों में गुजरात के ठेकेदारों के माध्यम से लूट कराई जा रही है। प्रदेश के तमाम कार्य गुजरात की कंपनियों से कराए जा रहे हैं। जबकि प्रदेश के मेहनतकश लोगों को किनारे लगाकर उनसे पेटी कांट्रैक्टर के रूप में काम कराया जा रहा है। प्रदेश का पैसा घूमते हुए भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है और गुजरातियों की जेब में जा रहा है। प्रदेश की जनता की चिन्ता न करते हुए उन्हें केवल इस बात की चिंता है कि कैसे प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की जाए। देश के प्रधानमंत्री जी बनारस से तीसरी बार कैसे जीतेंगे। सिर्फ इस पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने खुद को प्रदेश अध्यक्ष का पद देने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार जताया।